Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ में युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल के बेहतर अवसर देने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर है। इसी दिशा में करीब 9 हजार रिक्त सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। क्लास-3 और क्लास-4 के पदों पर भर्ती को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के जरिए प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए भी मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है। करीब 33 करोड़ रुपए के प्रावधान से NEET, JEE, CLAT, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, SSC और रेलवे जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 26 जिलों में 18,330 युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी है। सरकार ने आगे 35 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है और उद्योगों की जरूरत के अनुसार स्किल ट्रेनिंग के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान भी किया गया है।
उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए भी बजट में बढ़ोतरी की गई है। वर्ष 2025-26 में उच्च शिक्षा का बजट बढ़ाकर 1,822.75 करोड़ रुपए किया गया है। जशपुर, रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और रायगढ़ के पांच कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही कवर्धा, जशपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में तकनीकी शिक्षा के संस्थानों के जरिए युवाओं को आधुनिक रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर है। सरकार की इन पहलों में सरकारी नौकरी के साथ-साथ कौशल, उच्च शिक्षा और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |