Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश में हेल्थकेयर, इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की दिशा में सरकार लगातार संभावनाएं तलाश रही है। दुबई में AIM Congress-2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और CEO सिद्धार्थ बालाचंद्रन के साथ वन-टू-वन बैठक की। इस दौरान मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी, एनर्जी और कंज्यूमर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनी को प्रदेश में दी जा रही निवेश सुविधाओं की जानकारी देते हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
बैठक में रिन्यूएबल एनर्जी, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और टिकाऊ प्रोजेक्ट्स में निवेश की संभावनाओं पर भी बात हुई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की उभरती कंपनियों को पूंजी उपलब्ध कराने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच दिलाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। निवेश के लिए प्रोजेक्ट्स की पहचान, उनकी जांच और चरणबद्ध तरीके से काम शुरू करने के लिए एक व्यवस्थित प्रोजेक्ट पाइपलाइन तैयार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मेडिकल सुविधाओं और कनेक्टिविटी को लगातार बेहतर किया जा रहा है, जबकि निवेशकों को सुविधाजनक शर्तों पर जमीन और अन्य जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने DP World के CEO रिजवान सूमार के साथ भी बैठक की। इसमें मध्यप्रदेश में लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को प्रमुख लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करने, औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों के लिए मल्टीमॉडल परिवहन, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन सुविधाओं को मजबूत करने के प्रस्ताव पर बातचीत हुई। साथ ही प्रदेश के निर्यातकों को बड़े बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों से बेहतर तरीके से जोड़ने की संभावनाएं भी सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की निवेश अनुकूल नीतियों और बेहतर कनेक्टिविटी की जानकारी देते हुए DP World को भी GIS-2027 के लिए आमंत्रित किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |