Since: 23-09-2009
BRICS समिट 2026 से पहले राजधानी दिल्ली को पोस्टरों, पेंटिंग्स और रोशनी से सजाया जा रहा है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले BRICS लीडर्स समिट को लेकर सुरक्षा और यातायात की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधियों और अन्य वीआईपी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान तैयार किया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 22 स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं और 35 से ज्यादा सड़कों पर जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा। वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका भी जा सकता है।
समिट में शामिल होने वाले मेहमान दिल्ली के अलग-अलग नौ होटलों में ठहरेंगे। इन होटलों से भारत मंडपम तक आने-जाने के लिए निर्धारित रूट तय किए गए हैं और सुरक्षा एजेंसियां इन मार्गों पर काफिले की रिहर्सल कर रही हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लें और प्रतिबंध वाले इलाकों में जाने से बचें। जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के साथ सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। BRICS समिट के मद्देनजर 11 सितंबर को दिल्ली नगर निगम और केंद्र सरकार के कार्यालयों में अवकाश रहेगा, जबकि 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली की निचली अदालतों में भी नियमित कामकाज नहीं होगा। अस्पताल, सफाई और अन्य जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।
BRICS की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत और चीन के साथ BRIC समूह के रूप में हुई थी। पहला शिखर सम्मेलन 2009 में रूस के येकातेरिनबर्ग में आयोजित हुआ था। 2011 में दक्षिण अफ्रीका के जुड़ने के बाद इसका नाम BRICS हुआ। इसके बाद समूह का विस्तार हुआ और 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और UAE शामिल हुए, जबकि 2025 में इंडोनेशिया भी पूर्ण सदस्य बना। इस समय BRICS में 11 सदस्य देश हैं। दिल्ली में होने वाले सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, सहयोग और साझा चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर प्रमुख देशों के बीच चर्चा होगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |