Since: 23-09-2009
भोपाल। थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो से 369 लीटर अवैध शराब जब्त की है। शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर की रात सउनि संतोष कुमार स्टाफ के साथ रात्रि गश्त पर थे। तभी एक राहगीर ने सूचना दी कि काले रंग की स्कॉर्पियो एन में भारी मात्रा में शराब भरकर तेज गति से जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी उनि. केशांत शर्मा को अवगत कराया गया और आईबीडी होलमार्क सिटी के सामने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की गई।
कुछ देर बाद स्कॉर्पियो एन क्रमांक MP 09 BG 1902 तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी हुई मिली। पुलिस ने देखा तो वाहन के आसपास शराब के क्वार्टर बिखरे पड़े थे, जबकि चालक फरार हो चुका था।
पुलिस ने गवाहों के सामने वाहन की तलाशी ली तो डिक्की से 20 पेटी, बीच की और आगे की सीट के नीचे से 20 पेटी देशी सफेद शराब की बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर थे। इसके अलावा एक पेटी अंग्रेजी वोदका की भी मिली। कुल 41 पेटियों में 2050 क्वार्टर यानी 369 लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 389/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी।
जब्ती- 40 पेटी देशी, 1 पेटी वोदका, कुल कीमत 1.50 लाख और स्कॉर्पियो वाहन।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |