Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं रायपुर में भी दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में गुरुवार को पखांजूर में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में 11 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
बारिश का असर बस्तर संभाग में भी देखने को मिला है। तेज बारिश के कारण केशकाल घाट में सुबह से लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से आवागमन प्रभावित हुआ। प्रशासन और पुलिस की टीम जाम खुलवाने में जुटी रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |