Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर समेत 700 पदों पर भर्ती का इंतजार लंबे समय से जारी है। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 625, ग्रंथपाल के 50 और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं। वित्त विभाग से भर्ती को करीब एक साल पहले मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। इसके चलते पीएचडी, NET और SET जैसी पात्रता परीक्षाएं पास कर चुके अभ्यर्थियों को नौकरी के अवसर का इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उच्च शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेजा गया था, लेकिन विज्ञापन के प्रारूप में कुछ कमियां सामने आईं। फरवरी में आयोग ने विभाग से जरूरी संशोधन और जानकारी मांगी थी। कई महीनों तक जवाब नहीं मिलने के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। प्रस्तावित पदों में वाणिज्य के 75 पद, हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिकी, गणित, रसायन, वनस्पति और प्राणीशास्त्र के 50-50 पद शामिल हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद भी प्रस्तावित हैं।
वहीं, सरकारी कॉलेजों में 595 प्रोफेसर पदों की सीधी भर्ती भी कई वर्षों से लंबित है। इस भर्ती के लिए विज्ञापन 2021 में जारी हुआ था और करीब 1,533 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इंटरव्यू की तारीख अब तक तय नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के विज्ञापन में जरूरी संशोधन कर आयोग को मांगी गई जानकारी भेज दी गई है। साथ ही प्रोफेसर भर्ती के इंटरव्यू का प्रस्ताव भी आयोग को भेजा गया है और दोनों प्रक्रियाओं को जल्द आगे बढ़ाने की तैयारी है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |