Since: 23-09-2009
भोपाल। भोपाल के चौथे रेलवे स्टेशन निशातपुरा को करीब तीन लाख की आबादी के लिए 14 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया, लेकिन शुरुआत के कुछ ही सप्ताह बाद यहां यात्री सुविधाओं की हकीकत सामने आ गई। उद्घाटन के एक महीने बाद व्यवस्था की पोल खुली है। टिकट विंडो से लिफ्ट और टॉयलेट तक बंद हैं। शुक्रवार को दोपहर 1 से 3:30 बजे तक किए गए रियलिटी चेक में स्टेशन पर टिकट विंडो, वेटिंग एरिया, लिफ्ट और टॉयलेट सहित कई सुविधाओं पर ताले लगे मिले। यहां तक कि दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाया गया टॉयलेट भी बंद था। इस दौरान स्टेशन पर कोई रेलवे अधिकारी या कर्मचारी भी मौजूद नहीं मिला।
लिफ्ट के दरवाजे पर कुंडी, बुजुर्ग-दिव्यांग परेशान
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट बंद मिली। इसके दरवाजे पर कुंडी लगी हुई थी। टॉयलेट की स्थिति भी ऐसी ही मिली। दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाए गए अलग टॉयलेट पर भी ताला लगा था। ऐसे में यदि बुजुर्ग, दिव्यांग या सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को इन सुविधाओं की जरूरत पड़े तो उन्हें परेशानी उठानी पड़ सकती है।
28 जुलाई को शुरू हुआ था स्टेशन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। निशातपुरा स्टेशन का शुभारंभ 28 जुलाई को किया गया था। फिलहाल स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव है। दोनों ट्रेनें यहां महज दो-दो मिनट रुकती हैं। ऐसे में यात्रियों के लिए स्टेशन की सुविधाओं का चालू और सुलभ रहना और भी जरूरी हो जाता है। फिलहाल स्टेशन से जनरल टिकट लेकर यात्री सफर कर रहे हैं, लेकिन रियलिटी चेक के दौरान टिकट विंडो बंद मिली। डीआरएम पंकज त्यागी ने बताया कि ट्रेनों के समय के हिसाब से टिकट विंडो करीब दो घंटे पहले खुलती होगी। हालांकि, जांच के समय विंडो बंद थी। रेलवे के अनुसार 26 सितंबर के बाद निशातपुरा स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों की बुकिंग भी यहीं से की जाएगी। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे पहले टिकट काउंटर, लिफ्ट, वेटिंग एरिया, टॉयलेट और अन्य सुविधाओं को नियमित रूप से संचालित करने के साथ स्टेशन पर पर्याप्त स्टाफ की मौजूदगी सुनिश्चित करना जरूरी होगा। निशातपुरा स्टेशन मे अभी मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव है। 26 सितंबर के बाद मालवा एक्सप्रेस भोपाल स्टेशन नहीं आयेगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |