Since: 23-09-2009
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। शहर के करीब 40 प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से चौड़ा करने की योजना बनाई गई है। इनमें से पांच सड़कों पर फिलहाल कार्रवाई आगे बढ़ चुकी है। कुछ स्थानों पर नगर निगम ने भवनों पर निशान लगाने शुरू कर दिए हैं, जबकि कुछ मार्गों से प्रभावित होने वाले रहवासियों को नोटिस दिए जा रहे हैं। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन मार्गों पर चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान बढ़ने वाले यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है।
गुदरी से हरसिद्धि की पाल तक करीब 570 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 14.43 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और करीब 136 भवन इसके दायरे में आ सकते हैं। दो तालाब से शांतिनगर तक लगभग 650 मीटर सड़क को भी 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इस पर करीब 13.15 करोड़ रुपये खर्च होंगे और करीब 120 प्रभावित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहे तक करीब 400 मीटर मार्ग को 24 मीटर चौड़ा करने की तैयारी है। इस काम की अनुमानित लागत 27.76 करोड़ रुपये है और यहां 120 से अधिक भवन प्रभावित होने की संभावना है। इस मार्ग पर नपती और सेंट्रल लाइनिंग का काम पूरा हो चुका है।
इसके अलावा चौबीस खंबा से छोटा रुद्रसागर मार्ग को भी चौड़ा किया जाएगा। करीब 650 मीटर लंबे इस रास्ते की चौड़ाई बढ़ाकर 18 मीटर करने की योजना है, जिस पर लगभग 9.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग के लिए नोटिस प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। खजूरवाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है और इसके लिए करीब 9.80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आसपास के अन्य मार्गों पर चौड़ीकरण कार्य चलने के कारण यहां यातायात को डायवर्ट किया गया है। इन सभी परियोजनाओं के जरिए सिंहस्थ से पहले शहर की प्रमुख सड़कों की क्षमता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |