Since: 23-09-2009
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार तड़के उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। करीब सवा घंटे तक उन्होंने आरती और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। पूजा के बाद नितिन नवीन ने बताया कि उन्होंने भगवान महाकाल से देशवासियों के सुख, सम्मान और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी महाकाल का आशीर्वाद मांगा।
नितिन नवीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उज्जैन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और 25 लाख दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके अलावा स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री वितरित करने के अभियान की शुरुआत भी की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल को मध्य प्रदेश सरकार ने जमीन पर उतारने का काम किया है। प्रदेश के 55 जिलों के 41 हजार से ज्यादा गांवों में आबादी क्षेत्र की जमीन का सर्वे कराया गया है और लाखों संपत्तियों के अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं।
उज्जैन में कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन ने महाकाल मंदिर के पास ही रात्रि विश्राम किया और सुबह करीब 4 बजे भस्म आरती में पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने कहा कि महाकाल से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी तरह देश की सेवा करते रहें और देश निरंतर आगे बढ़ता रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |