Since: 23-09-2009
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले को सड़क परियोजना की बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से अधूरे पड़े पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए 125 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस राशि से करीब 64 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा किया जाएगा। परियोजना को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ परिवहन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए वर्ष 2015 की पुरानी निविदा प्रक्रिया को रद्द कर नए सिरे से टेंडर किया गया। इसके बाद विनोद जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई और अब सड़क का काम शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर की लंबित सड़क परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर भी पहल की थी। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अधूरे काम को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया था।
जशपुर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण जारी है, वहीं कोतबा-बागबहार, चराईडांड-बतौली और पत्थलगांव-धरमजयगढ़ मार्गों के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री ने सभी सड़क परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने और निर्माण में गुणवत्ता व तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों पर कार्रवाई की बात भी कही गई है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |