Since: 23-09-2009
भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियो से 3.53 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक एवं दो मोबाईल फोन जब्त किया है। आरोपियो से जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1,50,000 रुपए है। आरोपी कार्तिक राजपूत के पूर्व के चोरी,नकबजनी,लूट के कई अपराध पंजीबद्ध है। बताया गया कि थाना क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम फरार आरोपियों की तलाश एवं अपराध विवेचना के सिलसिले में थाने से रवाना हुई थी। गश्त और विवेचना के दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर तंत्र के माध्यम से गोपनीय सूचना मिली कि एम.पी. नगर जोन-1 स्थित मेट्रो ब्रिज के पास ग्राउंड में दो संदिग्ध व्यक्ति अपने पास अवैध मादक पदार्थ स्मैक रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। यदि उन्हें तुरंत नहीं पकड़ा गया, तो वे स्मैक को बेचकर ठिकाने लगा देंगे, और समय रहते पकड़ने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद हो सकता है। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम बताए गए स्थान पर पहुँची। मेट्रो ब्रिज के बगल में ग्राउंड, एम.पी. नगर जोन-1 में मुखबिर के हुलिये के दो लड़के बैठे दिखाई दिए, जिन्हें हमराह स्टाफ की मदद से घेराबंदी कर पकड़ा गया। दोनों ने अपना परिचय देकर पूछताछ में नाम (1) कार्तिक राजपूत पिता अंतर राजपूत (उम्र 28 वर्ष, निवासी हर्षवर्धन नगर, माता मंदिर, थाना टीटी नगर, भोपाल) तथा (2) सूरज कुशवाह पिता पूर्णेन्द कुशवाह (उम्र 21 वर्ष, निवासी आनंद नगर, माता मंदिर पठार, थाना पिपलानी, भोपाल) बताया। तलाशी के दौरान आरोपी कार्तिक राजपूत की पैंट की जेब से एक रेडमी एंड्रॉइड मोबाइल और एक कागज की पुड़िया मिली, जिसमें पूछताछ पर स्मैक होना बताया गया। इसी प्रकार आरोपी सूरज कुशवाह की पैंट की जेब से एक वीवो एंड्रॉइड मोबाइल और एक कागज की पुड़िया निकाली गई, जिसमें पूछताछ करने पर स्मैक होना बताया गया। दोनों संदेहियों ने स्वीकार किया कि उनके पास मौजूद अवैध मादक पदार्थ स्मैक उन्हीं का है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत थाना क्राइम ब्रांच में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |