Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को शनिवार को बड़ी सौगात मिली। भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर के 7400 से ज्यादा विद्यार्थियों को ई-स्कूटी योजना का लाभ दिया। मुख्यमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों को सांकेतिक रूप से स्कूटी की चाबी सौंपी, वहीं पात्र छात्रों के खातों में वाहन की राशि भी ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री विजय शाह समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्कूटी मिलने के बाद विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद एक छात्रा के साथ स्कूटी पर बैठे। छात्रा ने स्कूटी चलाई और मुख्यमंत्री पीछे बैठे नजर आए। मुख्यमंत्री ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि उनके साथ सुरक्षाकर्मी भी चलते दिखाई दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर छात्रों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाते हुए कई आकर्षक पेंटिंग्स और कलाकृतियां तैयार की थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी बनाई पेंटिंग्स के बारे में जानकारी ली और उनकी प्रतिभा एवं कल्पनाशीलता की सराहना की।
सरकार की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना और आगे की पढ़ाई के लिए उनका हौसला बढ़ाना है। शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7400 से ज्यादा पात्र विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत विद्यार्थियों को स्कूटी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। सरकार के मुताबिक, अब तक प्रदेश के 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थी इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों के चेहरे पर खुशी नजर आई और स्कूटी मिलने के बाद विद्यार्थियों ने इसे आगे की पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में मददगार बताया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |