Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 19 से 22 सितंबर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है। मौसम में बदलाव से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
मौसम केंद्र रायपुर ने 19 सितंबर को नौ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, धमतरी और गरियाबंद में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं 20 से 22 सितंबर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम में बदलाव की वजह अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बनने वाली नई मौसम प्रणाली को माना जा रहा है। 19 सितंबर के आसपास यहां कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं, जिसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश बढ़ सकती है। रायपुर समेत कई इलाकों में पिछले दिनों रही गर्मी और उमस से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मानसून की वापसी के संकेतों के बीच फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |