Since: 23-09-2009
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने पहले गोल्ड मेडल का खाता खोल दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 79 रन और ऋचा घोष ने 49 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए। 217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई।
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और शेफाली वर्मा व स्मृति मंधाना ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े, जो एशियन गेम्स में किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बताई गई है। शेफाली ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रन की पारी खेली। इस दौरान स्मृति ने अपने इंटरनेशनल करियर में 11 हजार रन पूरे किए और टी20 क्रिकेट में अपना 37वां अर्धशतक भी लगाया। पारी के आखिरी हिस्से में ऋचा घोष ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 49 रन ठोककर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम की आधी बल्लेबाज महज 49 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट गईं और इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई और भारत ने 147 रन से बड़ी जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। यह एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट में भारत का लगातार दूसरा गोल्ड है। इससे पहले 2022 में भी भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। अब क्रिकेट फैंस की नजर पुरुष टीम पर होगी, जो 24 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |