Since: 23-09-2009

  Latest News :
सुप्रीम कोर्ट का UPI पर रोक लगाने से इंकार.   नागालैंड में जहरीली शराब से 19 की मौत, तस्कर गिरफ्तार.   बिना बायोमेट्रिक नहीं मिलेगी गैस की सब्सिडी, बंद हो सकती है सब्सिडी.   विपक्ष का ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए प्रस्ताव लाने का करेगा तीसरा प्रयास.   बिरसिंहपुर सोलर-बैटरी स्टोरेज परियोजना पर निवेशक संवाद.   वेयरहाउस से सब्सिडी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले तीन अधिकारी सस्पेंड.   भोपाल में कांग्रेस ने किया निर्वाचन आयोग का घेराव, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया.   महाकौशल क्षेत्र के उद्योग, व्यापार को देंगे बढ़ावा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव.   यूनेस्को की टेंटेटिव सूची में शामिल हुए चार और नए ऐतिहासिक स्थल.   इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता में न हो लापरवाही - उप मुख्यमंत्री शुक्ल.   नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 अक्टूबर होगा.   मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों का जाना हाल.   एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम की संजू देवी को मिलेंगे 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि.   PWD ने सड़क एवं सेतु निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश.   नारायणपुर में माड़ीन नदी के बीच पेड़ पर फंसे ग्रामीण का सफल रेस्क्यू.   आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र में पहले दिन 97 हजार से अधिक लोग हुए शामिल.   आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान.  
सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप
paras saklecha

 

भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 17 एवं 18 सितंबर को आयोजित सहायक कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व विधायक एवं व्यापम व्हिसलब्लोअर पारस सकलेचा ने आरोप लगाया है कि 17 सितंबर की दूसरी पाली की परीक्षा, जिसका निर्धारित समय दोपहर 2:30 बजे था, रतलाम के सृजन कॉलेज केंद्र पर लगभग तीन घंटे की देरी से शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुई। उनका दावा है कि इसी अवधि में कुछ परीक्षार्थियों के केंद्र से बाहर जाने और बाद में परीक्षा शुरू होने के समय वापस आने की स्थिति बनी।

सकलेचा ने कहा कि एक ही परीक्षा के अलग-अलग केंद्रों पर प्रारंभ होने के समय में इतना बड़ा अंतर परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। कर्मचारी चयन मंडल को स्पष्ट करना चाहिए कि रतलाम में परीक्षा निर्धारित समय पर क्यों शुरू नहीं हुई, देरी का कारण क्या था और इस दौरान परीक्षार्थियों की आवाजाही पर क्या निगरानी रखी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में हुई इस असामान्य देरी को मंडल द्वारा सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया जा रहा है। यदि सब कुछ नियमों के अनुसार हुआ है तो परीक्षा केंद्रवार वास्तविक प्रारंभ समय, लॉग-इन लॉग, सर्वर लॉग, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

सकलेचा ने परीक्षा संचालन के लिए चयनित कंपनी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिसंबर 2024 से ऑनलाइन परीक्षाओं का काम एप्टेक कंपनी को लगभग ₹260 प्रति परीक्षार्थी की दर से दिया गया, जबकि पूर्व में यह कार्य करीब ₹170 प्रति परीक्षार्थी की दर से कराया जाता था। उन्होंने दावा किया कि कंपनी को जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों में ब्लैकलिस्ट किया‌ गया है ।

उन्होंने कहा कि रतलाम लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में विवादों का केंद्र बनता जा रहा है। एक्साइज कांस्टेबल और रेलवे भर्ती परीक्षा से जुड़े विवादों के बाद सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में सामने आई समय संबंधी विसंगति ने व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सकलेचा ने बताया कि कृषि विभाग के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा में 2,784 पद हैं। परीक्षा में 200 वस्तुनिष्ठ प्रश्न थे और प्रत्येक पाली के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित था। लगभग 35 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि करीब 23 हजार अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी है। परीक्षा 17 सितंबर को दो पालियों तथा 18 सितंबर को एक पाली में आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि यदि अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से काफी अंतर से परीक्षा शुरू हुई है, तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं माना जा सकता; इससे परीक्षा की निष्पक्षता और प्रश्नपत्र की गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठते हैं। पूरे मामले की स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

 

सकलेचा ने याद दिलाया कि कृषि विभाग से संबंधित भर्ती परीक्षाओं में पूर्व में भी गंभीर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2021 में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, समूह-2 उपसमूह-4 भर्ती परीक्षा तथा समूह-5 भर्ती परीक्षा को लेकर शिकायतों के बाद परीक्षाएं निरस्त कर साइबर पुलिस को जांच के लिए प्रकरण सौंपे गए थे। इन मामलों की जांच की स्थिति और रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई, यह भी सरकार और कर्मचारी चयन मंडल को स्पष्ट करना चाहिए।

 

उन्होंने मांग की कि सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा के संबंध में सभी परीक्षा केंद्रों का वास्तविक प्रारंभ एवं समाप्ति समय सार्वजनिक किया जाए । संबंधित केंद्रों के CCTV फुटेज, सर्वर लॉग, बायोमेट्रिक एवं लॉग-इन रिकॉर्ड सुरक्षित कर जांच में शामिल किए जाएं। तथा रतलाम के सृजन कॉलेज केंद्र पर परीक्षा में हुई देरी की स्वतंत्र जांच कराई जाए।‌ एवं देरी के दौरान केंद्र से बाहर गए तथा बाद में परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड जांचा जाए।

सकलेचा ने कहा कि हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षा में एक मिनट की भी अनियमितता गंभीर है। तीन घंटे की देरी जैसे मामले को सामान्य तकनीकी समस्या बताकर दबाया नहीं जा सकता। कर्मचारी चयन मंडल को पूरी पारदर्शिता के साथ तथ्य सामने रखना होंगे ।

MadhyaBharat 23 September 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.