Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय "मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा" की शुरुआत की। रिमोट का बटन दबाकर प्रदेशवासियों को "मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा" एवं "पीएम ई-बस सेवा" की सौगात दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुगम सफर, सुरक्षित सफर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ अवसर पर एमपी यात्री परिवहन कंपनी (MPYPIL) ने IIM इंदौर और SPA के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए। प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सड़क परिवहन के माध्यम से बसों का बेहतर प्रबंधन जनता की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है, जिसके माध्यम से छोटे से छोटे गाँव और कस्बों तक सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई है। हमारी सरकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों की शहरों से कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक नेटवर्क विकसित हुआ है।आज का दिन अद्भुत है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती और सेवा संकल्प महाअभियान का यह संगम जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है। आज 351 बसों के साथ इस सेवा की शुरुआत हो रही है और आने वाले समय में मध्यप्रदेश को 1,500 बसों की सौगात मिलने वाली है। जनता की सेवा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह हमारे वर्ष 2023 के संकल्प पत्र में किए गए संकल्प की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।सीएम ने कहा नगरों के भीतर और बाहर, प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के बाहर भी बसों का संचालन किया जाएगा। हमारा उद्देश्य प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |