Since: 23-09-2009
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश प्रभारी का किया स्वागत, बूथ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर किया भोजन
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने बुधवार को भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बिप्लब कुमार देब, रेखा वर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर का प्रदेश कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विमानतल पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। बिप्लब कुमार देब एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन, पूजन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। देब ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी के नेहरू नगर, बी-176, आकृति गार्डन स्थित निवास एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट कर विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा की।
*बूथ कार्यकर्ता के घर पहुंचकर किया भोजन*
हेमंत खण्डेलवाल और बिप्लब कुमार देब ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-32, बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता श्रीमती मीना जाटव के ए/131, शास्त्री नगर स्थित निवास पहुंचकर भोजन किया। कोटरा सुल्तानाबाद स्थित वीर सावरकर बाल उद्यान पहुंचकर वीर सावरकर को नमन किया एवं वार्ड क्रमांक-27 स्थित वीर सावरकर पार्क के पास बूथ क्रमांक-49 के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के निवास पर पहुंचकर चाय पर आत्मीय संवाद किया। इसके बाद सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में अरेरा मंडल के वार्ड क्रमांक-48, शाहपुरा स्थित आंगनवाड़ी क्रमांक-774 पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर बच्चों को फल वितरित किए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी ने आंगनवाड़ी परिसर में पौधारोपण कर लाभार्थी बहनों से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया।
प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी 01 अक्टूबर को बैठक में होंगे शामिल
प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब एवं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा 01 अक्टूबर गुरूवार को प्रातः 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में सहभागिता करेंगे। बैठक के पूर्व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा 01 अक्टूबर, गुरूवार को प्रातः 10 बजे बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करेंगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |