Since: 23-09-2009
नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के एक पुल के संबंध में स्पष्ट किया है कि पुल में दरार, संरचनात्मक क्षति अथवा स्ट्रक्चर फेलियर या फॉल्ट होने संबंधी प्रसारित जानकारी तथ्यात्मक नहीं है। संबंधित पुल की स्थिति सामान्य एवं सुरक्षित है तथा यातायात का आवागमन सुचारू रूप से जारी है।NHAI द्वारा पुल का नियमित पोस्ट-मानसून निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान ब्रिज डेक स्लैब के लगभग 2 वर्गमीटर के सीमित हिस्से में मामूली पानी का रिसाव पाया गया। एहतियाती तौर पर संबंधित हिस्से में सुधारात्मक कार्य किया जा रहा है, ताकि इसका समय रहते स्थायी समाधान किया जा सके। यह कार्य NHAI की सक्रिय एवं निवारक रखरखाव व्यवस्था के अंतर्गत किया जा रहा है।कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं और यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट कर कार्य किया जा रहा है। इससे यातायात का आवागमन सुरक्षित एवं सुचारू रूप से जारी है। संबंधित कार्य को लगभग एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। NHAI द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित पुलों एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण किया जाता है। पोस्ट-मानसून निरीक्षण इसी सतत रखरखाव व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से मानसून के बाद संरचनाओं की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्य समय रहते किए जाते हैं।NHAI का प्रयास है कि राजमार्ग संरचनाओं में किसी भी आवश्यक रखरखाव की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही कर उसका समयबद्ध निराकरण किया जाए। इस सक्रिय दृष्टिकोण से संरचनाओं की सुरक्षा, गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक टिकाऊपन बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। NHAI द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित एवं सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, निवारक रखरखाव एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |