Since: 23-09-2009
*
भोपाल। दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी , प्रियंका गांधी एवं इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, भोपाल शहर द्वारा “वोट बचाओ, देश बचाओ” पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।यह पैदल मार्च व्यापम चौराहा से प्रारंभ होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जी की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकार की रक्षा का संकल्प लेते हुए केंद्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार , पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में “काला दिवस” मनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तक ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। आज जब देश में मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तब कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा भारत चाहती है जहां नफरत की जगह प्रेम, विभाजन की जगह भाईचारा और सत्ता के दबाव की जगह संविधान एवं लोकतंत्र की सर्वोच्चता हो।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |