Since: 23-09-2009
भोपाल। भोपाल के कमला पार्क में आयोजित हेरिटेज वॉक के माध्यम से प्रतिनिधियों को शहर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला। वहीं, एमपीटी बोट क्लब में आयोजित शिकारा बोट राइड ने जल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य का आकर्षक अनुभव प्रदान किया। वन विहार क्षेत्र में आयोजित बर्ड वॉक के दौरान प्रतिनिधियों को पक्षियों और प्राकृतिक परिवेश के बीच समय बिताने का अवसर मिला। प्रदेश के पर्यटन स्थलों को करीब से जानने, स्थानीय परिवेश का अनुभव करने और मध्यप्रदेश को एक विविधतापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में समझने का अवसर मिला। हेरिटेज वॉक, शिकारा बोट राइड, बर्ड वॉक, योग और हेलीकॉप्टर जॉय राइड जैसी गतिविधियों ने प्रतिनिधियों के अनुभव को यादगार बनाया। ट्रैवल मार्ट के अंतर्गत कुल 149 विशिष्ट प्रतिनिधियों ने विभिन्न गतिविधियों के लिए सहभागिता दर्ज की। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रतिनिधियों द्वारा कुल 338 गतिविधि चयन किए गए। इनमें शिकारा बोट राइड सर्वाधिक लोकप्रिय रही, जिसके लिए 120 चयन दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त हेरिटेज वॉक के लिए 95, बर्ड वॉक के लिए 70, योग के लिए 38 और हेलीकॉप्टर जॉय राइड के लिए 15 चयन दर्ज किए गए।
प्रतिनिधियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न होटलों में योग गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही भेल ग्राउंड से आयोजित हेलीकॉप्टर जॉय राइड ने प्रतिभागियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर अनुभव प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों ने मध्यप्रदेश में विरासत पर्यटन, जल पर्यटन, प्रकृति पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म की विविध संभावनाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
प्रतिनिधियों ने साझा किए अपने अनुभव
क्रिस्टीना ग्रुपे (Christina Grupe) ने हेरिटेज वॉक के अनुभव को सराहते हुए कहा, “मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को करीब से जानना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। हेरिटेज वॉक के माध्यम से किसी स्थान के इतिहास और उसकी जीवंत परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। इस तरह की गतिविधियां पर्यटकों को किसी गंतव्य से भावनात्मक रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
निशिथ नोटानी (Nishith Notani) ने शिकारा बोट राइड के अनुभव पर कहा, “मध्यप्रदेश में जल पर्यटन की संभावनाएं बेहद आकर्षक हैं। शिकारा बोट राइड के दौरान प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का आनंद लेना शानदार अनुभव रहा। ऐसी गतिविधियां पर्यटकों को यात्रा के दौरान सुकून के पल देने के साथ ही प्रदेश के पर्यटन अनुभव को और अधिक यादगार बनाती हैं।” डॉ. बितान कुमार दत्ता (Dr. Bitan Kumar Dutta) ने बर्ड वॉक के संबंध में कहा, “प्रकृति और जैव विविधता को करीब से देखने का अवसर किसी भी पर्यटन अनुभव को विशेष बना देता है। बर्ड वॉक के दौरान प्राकृतिक परिवेश के साथ जुड़ने का अनुभव मिला। मध्यप्रदेश में प्रकृति पर्यटन और वन्यजीव आधारित पर्यटन को आगे बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं।”बलराज कपूर (Balraj Kapoor) ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड के अनुभव को रोमांचक बताते हुए कहा, “हेलीकॉप्टर जॉय राइड ने मध्यप्रदेश के पर्यटन अनुभव में रोमांच का एक नया आयाम जोड़ा। किसी गंतव्य को एक अलग दृष्टिकोण से देखने का अवसर यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। इस तरह की गतिविधियां प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान देने में सहायक होंगी।”
आर्थर हेकर (Arthur Hecker) ने योग गतिविधि पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “यात्रा के दौरान योग जैसी गतिविधियां शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने का अवसर देती हैं। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट में पर्यटन के साथ वेलनेस को महत्व देना एक सकारात्मक पहल है। इससे यह संदेश मिलता है कि मध्यप्रदेश पर्यटकों को केवल दर्शनीय स्थल ही नहीं, बल्कि सुकून और आत्मिक शांति के अनुभव भी प्रदान कर सकता है।” चिरा फेट्रोम (Ms. Chira Phetrom) ने विभिन्न गतिविधियों के समग्र अनुभव पर कहा, “मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को शामिल करना बेहद सराहनीय है। यहां इतिहास, प्रकृति, रोमांच और वेलनेस को एक साथ अनुभव करने का अवसर मिलता है। इस तरह के आयोजन प्रदेश की विविध पर्यटन संभावनाओं को समझने और उन्हें व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
पर्यटन के विविध आयामों को एक मंच पर प्रस्तुत करने की पहल
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 में आयोजित गतिविधियों ने यह प्रदर्शित किया कि प्रदेश में पर्यटन केवल ऐतिहासिक स्मारकों और प्रमुख दर्शनीय स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां प्रकृति के सान्निध्य, जल पर्यटन, पक्षी अवलोकन, योग और रोमांचक अनुभवों की भी व्यापक संभावनाएं हैं। प्रतिनिधियों की सहभागिता और गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि ने अनुभव आधारित पर्यटन की बढ़ती अहमियत को रेखांकित किया। इन गतिविधियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की विविध पर्यटन विशेषताओं को प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |