Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय अधोसंरचना के विकास, निवेश को प्रोत्साहित करने और शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत स्वीकृत नगरीय विकास परियोजनाओं की प्रगति, वित्तीय व्यवस्था और क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत इंदौर, उज्जैन और रीवा की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए बैंक के साथ अनुबंध तथा लेटर ऑफ अवार्ड से संबंधित कार्यवाही की जाएगी। इनमें इंदौर की जलप्रदाय व्यवस्था के वितरण तंत्र के विकास एवं सीवरेज नेटवर्क और उपचार संयंत्रों के उन्नयन, उज्जैन में एकीकृत मंदिर क्षेत्र विकास तथा रीवा की जलप्रदाय योजना शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत विविध विकास कार्यों की कुल लागत रूपए 2753.10 करोड है.इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहरों के विकास को नई गति देना है।
अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से नगरीय निकायों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास और वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। गौरतलब है कि सहभागिता के इच्छुक निवेशक, स्टार्टअप्स एवं युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए ugconclave.mp.gov.in पर जाकर पंजीयन किया जा सकता है। कॉन्क्लेव शहरी विकास से जुड़े विशेषज्ञों, निवेशकों, वित्तीय संस्थानों, स्टार्टअप और युवाओं को मध्यप्रदेश में विकास की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |