Since: 23-09-2009
भोपाल। आगर मालवा जिले में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एएसआई श्री विजय बड़गोत्या ने दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल को डायल-112 वाहन से ही शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार प्रारंभ किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नलखेड़ा निवासी सुनील स्कूटी से नलखेड़ा से आगर की ओर जा रहे थे। चामड़दा फंटे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे स्कूटी सहित सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे और घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 की एफआरवी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। घायल की स्थिति को देखते हुए एएसआई विजय बड़गोत्या ने तत्काल सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके बाद चालक जीवन यादव की सहायता से घायल को डायल-112 वाहन से ही शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस टीम द्वारा घायल के परिजनों को भी दुर्घटना की सूचना दी गई।
*सीपीआर प्रशिक्षण से आपात स्थिति में त्वरित सहायता देने में सक्षम हो रहे पुलिसकर्मी*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगर मालवा में हुई इस दुर्घटना में एएसआई श्री विजय बड़गोत्या द्वारा प्रशिक्षण का उपयोग करते हुए घायल को तत्काल सीपीआर देना और डायल-112 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाना इसी प्रशिक्षण और तत्परता का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
मध्यप्रदेश पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना, स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति अथवा किसी अन्य संकट की स्थिति में नागरिक तत्काल डायल-112 पर सूचना दें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |