Since: 23-09-2009
भोपाल।मध्यप्रदेश पुलिस ने दो जिलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पांढुर्णा में ज्वेलरी शॉप में लूट और पन्ना में रथयात्रा के दौरान चोरी करने वाले दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 87 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।पांढुर्णा: आधी रात को ज्वेलरी दुकान में लूट, 6 गिरफ्तार*
9 और 10 अक्टूबर की रात पांढुर्णा के गुजर्री चौक स्थित विनय ज्वेलर्स में लूट हुई थी। बदमाशों ने दुकान संचालक राजेश खरबड़े पर रॉड से हमला कर घायल कर दिया और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद पांढुर्णा पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देश पर टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा। इनमें एक आरोपी चोरी का माल खरीदने वाला भी शामिल है। आरोपियों से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन सहित करीब 45 लाख का माल बरामद हुआ है।
*पन्ना: रथयात्रा की भीड़ में चेन काटने वाले गिरोह के 10 सदस्य दबोचे*
दूसरा मामला पन्ना के अमानगंज का है। यहां 12 अक्टूबर को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हिंदू सनातन रथयात्रा निकली थी। यात्रा में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने कई श्रद्धालुओं की सोने की चेन, मंगलसूत्र और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर की सूचना और रूट मैपिंग के आधार पर पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 10 आरोपियों को पकड़ा, जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं।इनके पास से 11 लाख के सोने-चांदी के जेवर, 29 हजार 780 रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और तीन कारें - ब्रेजा, स्विफ्ट और विक्टोरियस बरामद की गई हैं। कुल कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह सोशल मीडिया पर धार्मिक यात्राओं और मेलों की जानकारी जुटाता था और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पहुंचकर वारदात करता था।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |