Since: 23-09-2009
रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार भारत और जिम्बाब्वे के बीच महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज का आयोजन हुआ है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तीन मैचों की सीरीज खेली गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को तीसरा मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का स्वागत किया और उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच यह पहली द्विपक्षीय सीरीज है और इसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना ऐतिहासिक है। यह सिर्फ क्रिकेट सीरीज नहीं, प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा है। जब बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को सामने खेलते देखेंगी तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि इस सीरीज में माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल देख सकें।
साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने पर काम कर रही है। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम को स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर देने से यहां नियमित रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो रहे हैं। पहले न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच और आरसीबी के दो आईपीएल मैच भी यहां सफलता से आयोजित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से प्रदेश की पहचान बढ़ती है और पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यापार को गति मिलती है। रोजगार के नए अवसर भी बनते हैं। नवा रायपुर को आधुनिक राजधानी के साथ प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। देश की बेटियां विश्व मंच पर तिरंगे का मान बढ़ा रही हैं। यह सीरीज खेल भावना और भारत जिम्बाब्वे मैत्री की मिसाल बनेगी।इस मौके पर क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के पदाधिकारी, खेल प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |