Since: 23-09-2009
भोपाल। केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयादशमी पर भोपाल स्थित निवास पर शस्त्र पूजन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में आनंद के साथ पर्व मनाया जा रहा है, जगह-जगह रावण दहन हो रहा है। यह बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है, लेकिन आत्ममंथन भी जरूरी है कि हर साल रावण जलाने के बाद भी उसकी बुराइयां समाज से खत्म क्यों नहीं हो रही।
बेटियों के साथ दुराचार की घटनाओं पर पीड़ा जताते हुए चौहान ने कहा कि जब किसी मासूम बेटी के साथ ऐसी घटना होती है तो मन व्यथित हो जाता है। लगता है रावण आज भी जिंदा है। समाज को महिलाओं और बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखना होगा और ऐसी बुराइयों के खिलाफ एकजुट होना होगा।
नशे पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। नशे का रावण व्यक्ति, परिवार और देश को तबाह कर रहा है। यह देश के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती है। युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।चौहान ने कहा कि विजयादशमी सिर्फ पुतला दहन का पर्व नहीं है। अपने भीतर की बुराइयों को जलाने का संकल्प लेना होगा, तभी रावण का वास्तविक अंत होगा और पर्व का संदेश सार्थक होगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |