Since: 23-09-2009
आरंग के भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी के दर्शन किए और 29 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का मनखे-मनखे एक समान का संदेश सामाजिक समरसता की प्रेरणा है। सरकार इसी मार्ग पर चलते हुए हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। भण्डारपुरी जैसा आस्था केंद्र छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि समाज के युवाओं के लिए दिल्ली कोचिंग में सीटें 100 से बढ़ाकर 200 की गई हैं और भण्डारपुरी में मोती महल का निर्माण आस्था स्थलों के संरक्षण की प्रतिबद्धता को दिखाता है।इस दौरान उन्होंने मोहंदी-अड़सेना, नरदहा और छतौना-लखौली मार्ग के कुल 28.96 करोड़ के तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन किया।साथ ही खमतराई हाईस्कूल, ओड़का प्राथमिक शाला, मंदिर हसौद पीएम श्री स्कूल और चंदखुरी नगर पंचायत कार्यालय के लिए कुल 2.90 करोड़ के निर्माण कार्यों और 40 स्थानों पर जैतखाम स्थापना की घोषणा भी की।चार विकास कार्यों की घोषणा, 40 स्थानों पर लगेंगे लकड़ी के जैतखाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भण्डारपुरी धाम में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों की घोषणा की।उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत खमतराई में हाईस्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपये, नगर पंचायत आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाएंगे।इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज निरंतर विकास कर रहा है। समाज की ओर से रखी गई मांगों को संवेदनशीलता के साथ पूरा किया गया है। भण्डारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है और दिल्ली में कोचिंग सीटें 100 से बढ़ाकर 200 करने से युवाओं को ज्यादा अवसर मिलेगा।
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने समानता का संदेश देकर सत्य और मानवता की राह दिखाई। लोगों को उनके विचारों को जीवन में अपनाना चाहिए।
इस मौके पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |