Since: 23-09-2009
रायपुर, । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले में सड़क और पुल अधोसंरचना को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। सरकार का फोकस दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय अंचलों तक बारहमासी और सुरक्षित सड़क संपर्क पहुंचाने पर है।
इसी क्रम में जशपुर-सन्ना मार्ग पर मरगा नाला में 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है ताकि जल्द से जल्द लोगों को इसका लाभ मिल सके।
*क्यों जरूरी था नया पुल -*
मरगा नाला पर अभी जो पुलिया है, वह काफी संकरी है। इसकी वजह से रोजाना आवाजाही में दिक्कत होती थी। दो बड़े वाहन एक साथ नहीं निकल पाते थे, जाम लगता था और कई बार यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता था। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी।
नया हाई लेवल पुल बनने से यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। चौड़ा और ऊंचा होने से बड़े वाहनों की आवाजाही आसान होगी और सड़क हादसों का खतरा भी कम होगा।
*तीन जिलों तक सीधा फायदा -*
जशपुर-सन्ना मार्ग जशपुर जिला मुख्यालय को सरगुजा संभाग से जोड़ने वाला लाइफ लाइन मार्ग है। मरगा नाला पर पुल बनने से जशपुर से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर तक का सफर सुगम हो जाएगा।
इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा -
- किसानों को अपनी उपज मंडी और बाजार तक ले जाने में आसानी होगी
- विद्यार्थियों को स्कूल कॉलेज आने जाने में सुविधा होगी
- मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में समय कम लगेगा
- व्यापारियों का माल परिवहन तेज होगा, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा
*जिले में 22 पुलों के लिए 109 करोड़ की स्वीकृति -*
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सिर्फ एक पुल ही नहीं, पूरे जिले में पुल नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। जशपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए करीब 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
जशपुर के कई गांव नदी-नालों के कारण साल के कई महीने कट जाते हैं, खासकर मानसून में नालों में पानी बढ़ने से छोटी पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगता है। ऐसे में हाई लेवल पुल ही एकमात्र स्थायी समाधान है। इन 22 पुलों के बनने से दूरस्थ गांवों का जिला मुख्यालय और मुख्य सड़कों से संपर्क पूरे साल बना रहेगा।
*ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार -*
सरकार का मानना है कि सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की रीढ़ है। बेहतर सड़क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार जैसी सभी सेवाएं लोगों तक आसानी से पहुंचती हैं।
जशपुर जैसे जनजातीय बहुल जिले में सड़क संपर्क मजबूत होने से शासकीय योजनाओं का लाभ भी गांव-गांव तक तेजी से पहुंचेगा।
*क्षेत्रवासियों में उत्साह -*
मरगा नाला पुल के काम में तेजी आने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी है। लंबे समय से वे इस पुल की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि नया पुल बनने से उनकी रोज की परेशानी खत्म होगी और सफर सुरक्षित होगा। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |