Since: 23-09-2009
रायपुर / बिलाईगढ़ -* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बिलाईगढ़ के रैनीभाठा में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। हमें अपने भीतर के काम, क्रोध, मद, लोभ और अहंकार रूपी रावण का अंत कर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिलाईगढ़ के विकास के लिए 5 महत्वपूर्ण घोषणाएं की -
*1. बिलाईगढ़ में खुलेगा अपर कलेक्टर कार्यालय*
*2. बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक 3 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण*
*3. राजमहल जाने वाले मार्ग पर पुल का निर्माण*
*4. नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम का निर्माण*
*5. मां समलाई मंदिर के समीप डोम शेड का निर्माण*
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से प्रशासनिक सुविधाएं लोगों के और करीब आएंगी। अपर कलेक्टर कार्यालय खुलने से लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान होगा। गौरव पथ बनने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और आवागमन बेहतर होगा। राजमहल मार्ग का पुल, मुक्तिधाम और डोम शेड स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी।
*ऐतिहासिक राजशाही दशहरा हमारी विरासत का प्रतीक -*
मुख्यमंत्री ने भगवान राम, माता सीता, हनुमान, मां जगदंबा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि बिलाईगढ़ का राजशाही दशहरा केवल उत्सव नहीं, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की जीवंत अभिव्यक्ति है। राजपरिवार ने पीढ़ियों से इस परंपरा को सहेज कर रखा है। इसके लिए उन्होंने राजपरिवार, आयोजन समिति और बिलाईगढ़वासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर भगवान राम ने अहंकारी रावण का वध कर धर्म की स्थापना की थी। हम हर साल रावण का पुतला जलाते हैं, लेकिन असली विजय तब है जब हम अपने अंदर की बुराइयों को खत्म करें। प्रभु राम के आदर्श हमें मर्यादा, कर्तव्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
*छत्तीसगढ़ का राम से गहरा नाता -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम और छत्तीसगढ़ का रिश्ता बहुत आत्मीय है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि है और इस नाते प्रभु राम का ननिहाल है। वनवास काल में प्रभु राम ने लंबा समय दंडकारण्य में बिताया था। शिवरीनारायण में माता शबरी की भक्ति और राजिम का त्रिवेणी संगम इसी विरासत के प्रतीक हैं। यहां राम को भांजे के रूप में पूजने की अनोखी परंपरा है।
अयोध्या में 500 साल बाद रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पूरे देश के लिए गौरव का क्षण था। इसी आस्था को देखते हुए सरकार ने श्रीरामलला दर्शन योजना शुरू की है, जिसके तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सरकारी खर्च पर अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए जा चुके हैं।
*विकास और सुशासन की नई यात्रा -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई यात्रा पर है। मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने का फैसला लिया गया था। केंद्र के सहयोग से रोजाना करीब 1600 आवास बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और गांव, गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति सरकार की प्राथमिकता में हैं। सरकार का लक्ष्य सिर्फ अधोसंरचना बनाना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में बदलाव लाना है।
*बस्तर में शांति के नए युग की शुरुआत -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर प्राकृतिक सौंदर्य और खनिज संपदा से भरपूर है, लेकिन लंबे समय तक नक्सल हिंसा के कारण विकास नहीं हो पाया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों के साहस से अब स्थिति बदली है। बस्तर में भय की जगह विश्वास और हिंसा की जगह शांति ने ली है। अब वहां सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार के नए द्वार खुल रहे हैं।
*रेल कनेक्टिविटी को मिली गति -*
उन्होंने बताया कि केंद्र के सहयोग से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना को अभूतपूर्व गति मिली है। विजयादशमी पर प्रदेश को नई सौगात मिली है। रावघाट तक रेल सेवा और रायपुर-कुरूद क्षेत्र में रेल विस्तार से दूरस्थ अंचलों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है। एक तरफ संस्कृति और आस्था केंद्रों को सहेजा जा रहा है, दूसरी तरफ सड़क, रेल, आवास जैसी सुविधाओं का विस्तार कर विकसित छत्तीसगढ़ की नींव रखी जा रही है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |