Since: 23-09-2009
भोपाल/ग्वालियर -* ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में हुए हादसे के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज पीड़ित परिवारों से मिलने ग्वालियर पहुंचे। पटवारी ने सबसे पहले हादसे में जान गंवाने वालों के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वे सीधे रिम्स हॉस्पिटल पहुंचे और वहां भर्ती घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
*सरकार पर सीधा हमला -*मीडिया से बात करते हुए पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं बची है। हर दूसरे दिन कोई न कोई बड़ी घटना हो रही है और निर्दोष लोग मर रहे हैं। कहीं कफ सिरप से बच्चे मर रहे हैं, कहीं जहरीली शराब से मौतें हो रही हैं, कहीं इंदौर में गंदा पानी पीने से लोग जान गंवा रहे हैं और अब ग्वालियर में मंदिर में ट्रक ने लोगों को कुचल दिया।उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा का है।
*तीन बड़े सवाल खड़े किए -*
*1. ट्रक मंदिर तक कैसे पहुंचा? -* पटवारी ने कहा कि मुझे बताया गया है कि मंदिर परिसर में साइकिल ले जाना भी मना है। फिर इतना बड़ा ट्रक मंदिर के अंदर तक कैसे पहुंच गया? वहां बैरिकेड क्यों नहीं थे? पुलिस कहां थी?
*2. इलाज में 4 घंटे की देरी क्यों? -* घायल लोग 4-4 घंटे तक स्ट्रेचर पर तड़पते रहे, उन्हें समय पर इलाज क्यों नहीं मिला? यह स्वास्थ्य व्यवस्था का फेलियर है।
*3. जिम्मेदार कौन? -* हादसे के बाद सरकार संवेदना जता देती है, लेकिन जिम्मेदारी कौन लेगा? आज तक किसी अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
*निष्पक्ष जांच की मांग -*
पटवारी ने मांग की कि पूरे हादसे की न्यायिक जांच होनी चाहिए। घायलों का इलाज सरकार अपने खर्च पर कराए और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दे। अगर जांच में प्रशासनिक लापरवाही मिलती है तो संबंधित अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को अब बयानबाजी बंद कर जमीन पर काम करना होगा, जनता को सुरक्षा चाहिए, भाषण नहीं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |