Since: 23-09-2009
उज्जैन/देवास।पूर्व CM दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गई। विजयादशमी पर उज्जैन से शुरू हुई यह पदयात्रा आज देवास जिले के सिंदुरिया गांव की तरफ बढ़ रही है। सुबह 9 बजे तराना रोड के साईं कुंज कॉलोनी से यात्रा शुरू हुई, जिसमें साधु-संतों और हजारों समर्थकों के साथ दिग्विजय सिंह पैदल चल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने मंच से चंदा चोरी और वोट चोरी पर सीधा हमला बोला। कहा- _चंदा चोरों को पकड़ो, जेल में डालो, उन्हें बचाओ मत। वोट चोरी बंद करो। हमें EVM नहीं चाहिए, चुनाव बैलेट पेपर से होना चाहिए।
यात्रा में साथ चल रहीं उनकी पत्नी अमृता राय ने कहा कि सनातन ही परम सत्य है, यही हमारा स्वाभिमान और गौरव है। शिव दर्शन हैं और राम आदर्श व मर्यादा के प्रतीक हैं। इस यात्रा के जरिए हम शिव के दर्शन को राम के आदर्शों से जोड़ने और आस्था के केंद्रों के साथ हो रहे धोखे के खिलाफ आवाज उठाने निकले हैं।
गौरतलब है कि करीब 930 किमी लंबी यह यात्रा उज्जैन महाकाल से शुरू होकर ओरछा के रामराजा मंदिर होते हुए अयोध्या तक जाएगी। पहले दिन उज्जैन में मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच यात्रा का आगाज हुआ था।
यात्रा का मुख्य मकसद मंदिरों के दान-चढ़ावे में पारदर्शिता, मंदिर संपत्तियों और निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच और वोट के अधिकार की रक्षा को लेकर जनजागरूकता फैलाना है। इसे ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य सदानंद सरस्वती समेत कई बड़े संतों का आशीर्वाद प्राप्त है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |