Since: 23-09-2009
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का सबसे बड़ा संगम दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गांव बानबरद में देखने को मिला। यहां ज्ञानश्रोत कला मंच द्वारा आयोजित भव्य पंडवानी महासम्मेलन में प्रदेश के कोने-कोने से 70 से अधिक लोककला दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
तीजन बाई को मिलेगा सच्चा सम्मान
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में पंडवानी को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की गौरव, पद्म विभूषण स्वर्गीय तीजन बाई को नमन किया। उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय गायन शैली, अभिनय और भाव-भंगिमाओं से महाभारत की कथा को जीवंत कर दिया था। उनकी कला केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि साधना थी, जिसने छत्तीसगढ़ का नाम दुनिया के बड़े-बड़े मंचों तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि राज्य सरकार तीजन बाई की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएगी। इसके लिए तीन बड़े निर्णय लिए गए हैं -
- तीजन बाई के नाम पर इसी वर्ष राज्योत्सव से प्रतिवर्ष एक राज्य स्तरीय *"लोककला अलंकरण"* दिया जाएगा। यह अलंकरण प्रदेश के श्रेष्ठ लोक कलाकारों को सम्मानित करेगा और नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।
- उनके गृह ग्राम *गनियारी को 'कला ग्राम' के रूप में विकसित* किया जाएगा, जहां पंडवानी और अन्य लोककलाओं के प्रशिक्षण, संग्रहालय और शोध की सुविधा होगी।
- गनियारी के हाईस्कूल का नामकरण पद्म विभूषण तीजन बाई के नाम पर करने की पहल की जाएगी।
कलाकारों के लिए खजाना खोला, विकास कार्यों की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने मंच से ही आयोजकों की मांग पर बड़ी घोषणा करते हुए महासम्मेलन में शामिल सभी 70 दलों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया। इनमें पंडवानी के साथ-साथ पंथी नृत्य और आदिवासी नृत्य दल भी शामिल थे।
इसके साथ ही क्षेत्रीय विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं -
1. मिडिल स्कूल बानबरद का हाईस्कूल में उन्नयन* किया जाएगा।
2. अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड* का निर्माण कराया जाएगा।
फिल्म सिटी से खुलेगा रोजगार का द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककलाएं - पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया, सुवा - केवल गीत-संगीत नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा और इतिहास की जीवंत अभिव्यक्ति हैं। इन्हें सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा और स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच देने के लिए *छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड* का गठन किया है। *नवा रायपुर में फिल्म सिटी* विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है, जिससे प्रदेश के कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार और रचनात्मक अवसरों के नए द्वार खुलेंगे।कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि कलाकारों ने ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति को जिंदा रखा है। पद्मश्री डॉ. उषा बारले ने स्वागत उद्बोधन दिया और कलाकारों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रदेशभर से आए लोक कलाकार उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |