Since: 23-09-2009
उमरिया, 24 अक्टूबर 2026।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शनिवार को उमरिया जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शुरू से ही ऐसे राजनीतिक मॉडल पर काम किया है जिससे देश और समाज को नुकसान हुआ है और आज वही कांग्रेस आंदोलनों की आड़ में अराजकता फैलाने का काम कर रही है।
चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस की इस अराजक राजनीति को तथ्यों के साथ जनता के सामने लाएं। चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाना और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना कांग्रेस की आदत बन गई है। भाजपा इसके जवाब में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान चलाकर जनता को सच्चाई बताएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल लक्ष्य देश और समाज के हित में काम करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में और मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रदेश में नेतृत्व में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। सरकार डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वदेशी को बढ़ावा और गरीब कल्याण योजनाओं पर मजबूती से काम कर रही है, साथ ही भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए भी बड़े प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं।
इस बैठक को मंत्री नागर सिंह चौहान और संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया। मंच पर सांसद हिमाद्री सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मीना सिंह, शिवनारायण सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल मौजूद रहीं। बैठक का संचालन जिला महामंत्री दीपक छद्वानी ने किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |