Since: 23-09-2009
देवास,। प्रदेश में जहरीली शराब का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुरैना, उज्जैन और सागर के बाद अब देवास जिले में जहरीली शराब ने 22 जिंदगियां लील ली हैं। इस गंभीर घटना के बाद कांग्रेस ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव शनिवार को देवास के ग्राम चंदाना पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर उनका दर्द सुना।
पटवारी ने कहा कि चंदाना गांव में जो हुआ है, वह बेहद दर्दनाक है और पूरे सिस्टम की लापरवाही को उजागर करता है। जब पहले से शिकायतें थी तो आबकारी विभाग और पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। अब पानी का बहाना बनाकर या आंकड़े छिपाकर असली मुद्दे से ध्यान नहीं भटकाया जा सकता। सरकार को साफ बताना होगा कि जहरीली शराब कहां से आई, इसके पीछे कौन सा गिरोह है और किस अधिकारी की लापरवाही से यह हादसा हुआ।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, मौतों की सही संख्या सार्वजनिक की जाए, दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय दिया जाए।
पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को जवाब देना होगा कि आखिर कब तक लोग जहरीली शराब से मरते रहेंगे। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही का सवाल है। कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज राजानी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी और शहर जिलाध्यक्ष प्रयास गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |