Since: 23-09-2009
भोपाल। मप्र के स्थापना दिवस पर छात्रों को सौगात मिलने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। प्रत्येक विजेता विद्यार्थी को 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन मूल्यों से भावी पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है। विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी विद्यार्थी जीवन में नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन 11 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में कुल 63 हजार 736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 58 हजार 99 प्रतिभागियों ने प्रश्नपत्र हल किया। इस अवधि में वेबसाइट पर 7 लाख 94 हजार 700 से अधिक विजिट दर्ज की गई।
लॉटरी से हुआ चयन, खंडवा के सबसे ज्यादा विजेता
तिवारी ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को सर्वाधिक अंक और न्यूनतम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले दोनों वर्गों विद्यालय और महाविद्यालय / विश्वविद्यालय से नियमानुसार 5514 प्रतिभागियों की मेरिट सूची बनाई गई। इस मेरिट सूची में से लॉटरी के माध्यम से 102 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। जिलावार चयन में खंडवा जिले के सर्वाधिक 6 विद्यार्थी विजेता बने हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |