Since: 23-09-2009
भोपाल।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी संस्कृति में जीवात्मा की सेवा को ही सर्वोच्च धर्म माना गया है। सच्चे अर्थों में परमार्थ ही मानव मात्र की सेवा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से इंदौर में हुए शंकरा आई फाउंडेशन के स्वर्ण जयंती समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
*पांच दशकों में लाखों परिवारों में लौटाई रोशनी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि शंकरा आई फाउंडेशन ने पांच दशकों से निष्ठा और समर्पण के साथ जरूरतमंदों की नेत्र चिकित्सा कराकर 'नर सेवा ही नारायण सेवा' के संकल्प को साकार किया है। किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटने से उसके जीवन में ही नहीं, पूरे परिवार में खुशियां लौट आती हैं।
उन्होंने फाउंडेशन के संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी पद्मश्री डॉ. आर.वी. रमानी, सह-संस्थापक डॉ. राधा रमानी सहित सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को 50 वर्षों की सफल सेवा यात्रा पूर्ण करने पर बधाई दी।
*मई 1977 में हुई थी शुरुआत*
मुख्यमंत्री ने बताया कि मई 1977 में कांची के शंकराचार्यों से प्रेरणा लेकर डॉ. रमानी दंपति ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से शुरुआत की थी। आज यह पहल देश के 10 राज्यों तक पहुंच चुकी है। फाउंडेशन के 14 सुपर स्पेशियलिटी नेत्र अस्पतालों में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीजों का उपचार हो रहा है। फाउंडेशन में लगभग 80 प्रतिशत लोगों का नेत्र उपचार निःशुल्क किया जाता है।
*प्रदेश में बढ़ रहे मेडिकल कॉलेज*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कॉलेज और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। एयर एंबुलेंस संकट के समय गरीब-जरूरतमंदों के लिए इलाज का सबसे अच्छा माध्यम है।
उन्होंने नेत्रदान के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और स्कूलों, कॉलेजों, युवा संगठनों को जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में इंदौर के जनप्रतिनिधि, नागरिक तथा आई सेंटर के डॉक्टर और स्टॉफ उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |