Since: 23-09-2009
भोपाल।* मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना-2027 का काम संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ तय समय पर पूरा किया जाए। गुरुवार को मंत्रालय में राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में वे बोल रहे थे। बैठक में जनगणना महानिदेशक संजीव श्रीवास्तव सहित सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।
*मुख्य सचिव के बड़े निर्देश -*
*1. स्व-गणना पर जोर:* यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। नागरिक खुद मोबाइल ऐप से अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके लिए -
- सरकारी कर्मचारियों के लिए iGOT पर मॉड्यूल बनेगा
- कॉलेज छात्रों को स्व-गणना फॉर्म भरने की ट्रेनिंग दी जाएगी
- सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे वीडियो से जागरूकता फैलाई जाएगी
- प्राइवेट सेक्टर और PSU को भी जोड़ा जाएगा
*2. व्यापक प्रचार:* झांकी, रैली, कलापथक दल, लोक कलाकार, सिनेमा हॉल, रेडियो-टीवी और सोशल मीडिया से प्रचार-प्रसार हो।
*3. अमले की व्यवस्था:* करीब 2 लाख प्रगणक-पर्यवेक्षकों के अलावा प्रशासनिक अमला सरकारी विभागों से ही लिया जाएगा। 12-13 नवंबर को मास्टर ट्रेनर्स और नवंबर के तीसरे हफ्ते में कलेक्टर-नगर निगम आयुक्तों का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण होगा।
*ट्रायल पूरा, अब असली गणना जनवरी-फरवरी में*
बताया गया कि सैंपल के तौर पर सिवनी की कुरई तहसील और ग्वालियर नगर निगम के कुछ वार्डों में जुलाई 2026 में ट्रायल सफल रहा। प्रदेश में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण जनवरी-फरवरी 2027 में होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इसको देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग 2027 की परीक्षाएं तय करे, जनगणना पूरी होने तक प्रशासनिक सीमाएं न बदली जाएं और जनवरी-मार्च 2027 तक ट्रांसफर टाले जाएं। हर विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने और जनसंपर्क विभाग को बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |