Since: 23-09-2009
भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और एम्स भोपाल में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
सुबह उनका पार्थिव शरीर भोपाल के साकेत नगर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिकों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। दोपहर बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव जैत ले जाया गया, जहां पूरे विधि विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश के कई मंत्री, सांसद और विधायक सहित हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अंत्येष्टि के बाद शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के अनुरूप अपनी माता की स्मृति में जैत में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह जीवनभर शीतल छाया की तरह रहता है। ये पौधे बड़े होकर पक्षियों और जीव जंतुओं को आश्रय देंगे और इनसे मिलने वाली ऑक्सीजन पर्यावरण को स्वच्छ बनाएगी। इन पेड़ों के साथ मां की स्मृतियां सदा हरी भरी रहेंगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का बिछड़ना हृदय में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है जिसे कोई भर नहीं सकता। मां का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। शिवराज सिंह के सार्वजनिक जीवन में परिवार के संस्कारों का विशेष योगदान रहा है। उनकी माता की स्मृतियां सदैव उन्हें आलोकित करती रहेंगी। ईश्वर परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |