Since: 23-09-2009
भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जबलपुर संभाग के जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर जिलों में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सकों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों को पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मनोयोग से सेवा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, गुणवत्ता में सुधार और आम नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बंधपत्र चिकित्सक ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण, सिकल सेल रोग की पहचान एवं प्रबंधन तथा गैर संचारी रोगों से संबंधित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।
उन्होंने चिकित्सकों की पदस्थापना, ज्वाइनिंग, कार्यपरिस्थितियों और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सकों के रहने, भोजन, पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सकों को सकारात्मक और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण दिया जाए ताकि वे पूरी क्षमता के साथ सेवाएं दे सकें।
मंडला जिले की समीक्षा में सीएमएचओ ने बताया कि जिले में कुल 67 बंधपत्र चिकित्सक पदस्थ किए गए हैं, जिनमें से 50 चिकित्सक ज्वाइन कर सेवाएं दे रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने शेष चिकित्सकों की ज्वाइनिंग की समीक्षा करने और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम जमथर में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सक आशीष पारस से सीधे संवाद कर उनकी कार्यस्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि चिकित्सक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे निर्धारित ओपीडी पर उपस्थित रहें ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने जबलपुर के मझगवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सक अंजू मरावी से भी संवाद किया और ओपीडी के समय, टेलीमेडिसिन सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मानव संसाधन की स्थिति की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधपत्र चिकित्सकों को बेहतर कार्यपरिस्थितियां उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति रहे, मरीजों को समय पर परामर्श मिले और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, सीएमएचओ नवीन कोठारी सहित जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |