Since: 23-09-2009
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधी, सिंगरौली और डिंडोरी जिले में पदस्थ बॉन्डेड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थापना सेवा का बड़ा अवसर है, चिकित्सक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देकर ग्रामीणों का विश्वास जीतें और आशा, एएनएम, सीएचओ सहित मैदानी अमले से सतत संवाद बनाए रखें।
शुक्ल ने टीबी मुक्त भारत अभियान, सिकल सेल उन्मूलन मिशन, एनीमिया मुक्त भारत सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए शत-प्रतिशत एएनसी जांच, पीएमएसएमए के तहत हर माह 9 और 25 तारीख को निःशुल्क जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की शत-प्रतिशत पहचान कर समय पर रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों में हेल्थ सीकिंग बिहेवियर बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए हब एंड स्पोक मॉडल को मजबूत करने, टेलीमेडिसिन और ई-संजीवनी का अधिकतम उपयोग करने और एनसीडी के तहत ब्लड प्रेशर, शुगर, मुंह व स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं को सक्रिय करने को कहा।
संवाद में बताया गया कि सीधी में 16, सिंगरौली में 54 और डिंडोरी में 21 नए बॉन्डेड डॉक्टर्स पदस्थ किए गए हैं। सीधी के डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. आदित्य गौतम, डिंडोरी की डॉ. शीतल बामनके, सिंगरौली के डॉ. नितिश गुप्ता और डॉ. सुभाष चंदेल ने बताया कि पदस्थापना के बाद ओपीडी में लगातार वृद्धि हो रही है और ग्रामीणों में उत्साह है।
उप मुख्यमंत्री ने सीएमएचओ को स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, सुमन पंचायत कार्यक्रम को बढ़ावा देने और बॉन्डेड डॉक्टर्स को अनुकूल कार्य वातावरण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का सेवाभाव, संवेदनशीलता और मधुर वाणी मरीज का आधा कष्ट दूर कर देती है।
इस दौरान कलेक्टर सीधी विकास मिश्रा, कलेक्टर डिंडोरी अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत सिंगरौली सहित तीनों जिलों के सीएमएचओ और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |