Since: 23-09-2009
रायपुर, 12 नवंबर 2026: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर रायपुर लौटे उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव और रायपुर, बिलासपुर एवं बिल्हा के निर्वाचित प्रमुखों का विमानतल पर जोरदार स्वागत किया गया। तीनों निकायों से सैकड़ों स्वच्छता दीदियां, अधिकारी और कर्मचारी स्वागत के लिए पहुंचे थे।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी तथा बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वन्दना जेंड्रे का भी अभिनंदन किया गया। पारंपरिक लोक नृत्यों और गाजे-बाजे के साथ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत हुआ।
रायपुर लौटने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों शहरों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष अपनी राष्ट्रीय पहचान कायम रखी है। लगातार दो वर्षों तक तीन-तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों के अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियां घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और नागरिकों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय सम्मान स्वच्छता दीदियों के योगदान का भी सम्मान है।
श्री साव ने कहा कि लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। बिलासपुर, रायपुर और बिल्हा की उपलब्धि अन्य निकायों को भी प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में तीनों शहरों ने अपनी शीर्ष पहचान बरकरार रखी है। पिछली बार बिल्हा अपनी श्रेणी में देश में प्रथम था, बिलासपुर ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया था और इस बार सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान पाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार मिला था, इस बार रायपुर को राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |