Since: 23-09-2009
नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026: भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) का 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026, 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 नवंबर को मुख्य अतिथि के रूप में मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री गुरु माधवी मुद्गल और उनके समूह द्वारा ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति भी होगी।
‘विकास और विरासत’ विषय पर आधारित इस मेले में भारत और विदेशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक 17 हॉल में 1 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में भाग लेंगे। मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 51 केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों की भागीदारी होगी। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य बनाए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी में 11 देश शामिल होंगे। थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, यूएई, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रदर्शक अपने मंडपों में उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। आईटीपीओ अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि आईआईटीएफ 2026 भारत की प्रगति, विविधता और विरासत का उत्सव होगा, जिसमें युवाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में लगभग 600 स्टार्टअप और ओडीओपी मंडप में जिला स्तर के हस्तशिल्प, खानपान और संस्कृति प्रदर्शित की जाएगी। हॉल संख्या 1 में विदेशी मंडप, हॉल 2 से 5 में साझेदार और फोकस राज्य, मंत्रालय, पीएसयू और बैंक रहेंगे, जबकि हॉल 8 से 14 तक इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र, जूते, रसोई उपकरण, प्रसंस्कृत खाद्य, मसाले, कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, फर्नीचर, सौंदर्य प्रसाधन और आभूषण जैसी उपभोक्ता श्रेणियां प्रदर्शित होंगी।
हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में डीप-टेक, एग्री-टेक, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य सेवा और एडटेक क्षेत्र के स्टार्टअप युवाओं को बाजार से जोड़ने का मंच देंगे। ओडीओपी मंडप में 21 राज्यों के विशिष्ट उत्पाद और कारीगरों की प्रतिभा उजागर होगी। प्लेवर्स@मंडपम के तहत युवाओं और परिवारों के लिए डिजिटल इंटरैक्टिव अनुभव भी तैयार किया गया है। मेले में 90 से अधिक स्टॉल वाला फूड कोर्ट होगा, जहां गुणवत्ता, स्वच्छता और जीरो वेस्ट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आईआईटीएफ एमएसएमई, स्टार्टअप और छोटे व्यापारियों को बाजार तक पहुंच, खरीदारों से संपर्क और नए अवसर देता है। आईटीपीओ भारतीय स्टार्टअप को पेरिस के वीवाटेक और सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल जैसे वैश्विक मंचों के लिए भी सहायता दे रहा है। भारत मंडपम में हॉल 1 और 14 में बड़े एलईडी मेश इंस्टॉलेशन और परिसर में करीब 100 एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है।
आगंतुकों के लिए मीडिया लाउंज, प्रोटोकॉल लाउंज, शटल सेवा, गोल्फ कार्ट, बी2बी नेटवर्किंग, सहायता केंद्र और खोया-पाया केंद्र जैसी सुविधाएं होंगी। सुरक्षा दिल्ली पुलिस और आईटीपीओ के सहयोग से की जाएगी, साथ ही मेडिकल और प्राथमिक उपचार केंद्र भी रहेंगे। सात स्थलों पर 87 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें ‘द मंगनियार सेडक्शन’, ‘ताल फ्राई’, हरिहरन, पृथ्वी गंधर्व, शहजाद अली, सलीम-सुलेमान और ‘रूहानियत’ प्रमुख आकर्षण होंगे।
मेले के पहले पांच दिन 14 से 18 नवंबर तक केवल व्यापारिक आगंतुकों के लिए रहेंगे, जबकि 19 से 27 नवंबर तक यह आम जनता के लिए खुलेगा। समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा, आम प्रवेश शाम 5:30 बजे तक मिलेगा। टिकट आईआईटीएफ ऐप और दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों से मिल सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सरकारी पहचान पत्र पर आम दिनों में मुफ्त प्रवेश मिलेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |