Since: 23-09-2009
भोपाल, 12 नवंबर 2026: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में चल रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा गुरुवार को अपने 19वें दिन आरोन से आगे बढ़कर अशोकनगर जिले के सोवत गांव पहुंची। दिनभर की पदयात्रा में जगह-जगह लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया और यात्रा के समर्थन में हिस्सा लिया।
यात्रा की शुरुआत आरोन के सनकादिक आश्रम में पूजन और आरती से हुई। धर्मरथ में श्रीरामलला सरकार, बाबा महाकाल, पवित्र तीर्थों के जल से भरे कलशों और पार्थिव शिवलिंग का विधिवत पूजन किया गया। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक तोमर ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद सत्य सनातन और राष्ट्र के स्वाभिमान का संकल्प लेकर पदयात्रा रवाना हुई।
मार्ग में दिग्विजय सिंह आरोन स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर भी पहुंचे। वहां उन्होंने चातुर्मासरत मुनिश्री 108 नीरोग सागर जी महाराज से भेंट की, पाद प्रक्षालन किया और आशीर्वाद लिया। मुनिश्री ने यात्रा के उद्देश्यों को लेकर मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
सुबह 8 बजे आरोन जनपद कार्यालय से शुरू हुई पदयात्रा बस स्टैंड के दास हनुमान मंदिर, मुड़रा खुर्द जोड़, मोहरी कलां जोड़ और भौरा जोड़ से होते हुए खामखेड़ा पहुंची, जहां भोजन और विश्राम हुआ। दोपहर 3 बजे यात्रा दोबारा शुरू हुई और रूसल्ला, देवमढ़ी और जखौदा जोड़ से गुजरते हुए शाम 6 बजे सोवत पहुंचकर विश्राम के लिए ठहरी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |