Since: 23-09-2009
नागदा। ग्रेसिम उद्योग के केमिकल डिवीजन में गुरूवार दोपहर को हुए एक हादसे में में चार मजदूर घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को इंदौर रैफर किया गया है, जबकि एक का उपचार ग्रेसिम जनसेवा चिकित्सालय में किया जा रहा है। औधोगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के संभागीय अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा ने हिंदुस्थान समाचार संवाददाता से बातचीत में दुर्घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार उद्योग के कास्टिक प्लांट में हाईडोजन पाइप लाइन में मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। इस दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में श्रमिक श्रीराम पिता दिलीप उम्र 35 वर्ष, गोविंद पिता देवीलाल उम्र 32 वर्ष, राजेश धमक पिता शालिग्राम धनक उम्र 27 वर्ष व प्रगट सिंह पिता मुख्तार सिंह उम्र 57 वर्ष घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम दोपहर 3.30 बजे नागदा पहुंची। विभाग के संभागीय कारखाना निरीक्षक हिमांशु सालोमन ने बताया कि वे अभी उद्योग में पहुंचे हैं, जांच करने के बाद शाम को पूरी जानकारी दी जाएगी। दुघर्टना में चार श्रमिक घायल हुए हैं। वहीं इस घटना के बाद से उद्योग के अधिकारियों ने अपने फोन बंद कर लिए हैं और गेट पर सुरक्षा गार्ड खड़े कर मीडियाकर्मियों को अंदर जाने से रोका जा रहा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |