Since: 23-09-2009
इंदौर। जिले के महू-मंडलेश्वर मार्ग पर जाम घाट के पास रविवार सुबह पिकनिक मनाने गए बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 15 से अधिक बच्चे घायल हो गए। इनमें से एक बच्चे का हाथ कोहनी के नीचे से उखड़कर अलग हो गया। सभी बच्चों को महू के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, चार बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के नव आदर्श विद्या इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल की तीन बसों से बच्चे रविवार को सुबह करीब आठ बजे पिकनिक मनाने के लिए रवाना हुए थे। इन बसों में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के करीब 100 बच्चे सवार थे। इसी दौरान जामगेट पिकनिक स्पॉट के पास यह हादसा हो गया। जामगेट से दो किलोमीटर नीचे मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में घाट पर एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह स्थान इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर है। हादसे के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंच गए थे। हादसे में करीब 15 बच्चे घायल हुए हैं। इस हादसे में एक बच्चे का हाथ पूरी तरह कट चुका है। बच्चों व घायलों को महू के मध्यभारत अस्पताल और गेटवेल अस्पताल लाया गया है। कुछ बच्चों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
बताया गया है कि इस दुर्घटना में शुभम ठाकुर नामक बच्चे का हाथ कटा है। शुभम ठाकुर गेटवेल अस्पताल में भर्ती है। वहीं, दसवीं कक्षा के छात्र हेमंत पुत्र रामकरण मंडल की एक उंगली कट गई है। हादसे में कुछ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी घायल हुए हैं। मध्य भारत अस्पताल में आठ बच्चों को भर्ती कराया गया है। उनके नाम अजय पुत्र रामकेश गुर्जर, हेमंत पुत्र रामकरण, शशांक पुत्र रामदास, राज पुत्र महेश सोलंकी, शिवांश पुत्र राकेश मोहित पुत्र विजय सिंह और अनुज पुत्र कमल पांचाल बताए गए हैं। सभी बच्चों की उम्र 15 से 16 साल के बीच है। वहीं, दो शिक्षाएं अन्नु आकाश श्रीवास्तव और सीमा राजेन्द्र बरैया को भी घायल हालत में मध्य भारत अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुछ बच्चों का गेटवेल अस्पताल में उपचार जारी है।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2023 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |