Since: 23-09-2009
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। समुद्र तल से आ रही नमी की वजह से वातावरण ठंडा हो गया है। इससे प्रदेश में बारिश की स्थिति बनी हुई है। आज शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। नम वातावरण होने की वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी 24 घंटे में दो से तीन डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इससे छत्तीसगढ़ के एक-दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ की सीमा और उससे सटे उत्तरी तमिलनाडु पर चक्रवती परिसंचरण होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। इससे प्रदेश में भरपूर मात्रा में नमी का आगमन जारी है। यही वजह है कि प्रदेश में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और बारिश की स्थिति बनी हुई है।
आज शनिवार को छत्तीसगढ़ के चार संभाग के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जशपुर, गरियाबंद, धमतरी और रायगढ़ में बारिश के आसार हैं। साथ ही बस्तर संभाग के एक दो जिलों में हल्की बारिश के साथ हवाएं चलने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां जारी रहने से प्रदेश में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इससे लोगों को तेज धूप और भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। साथ ही अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 37.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |