Since: 23-09-2009
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाकर लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। टीकमगढ़ जिले के थाना बल्देवगढ़ क्षेत्र में डायल-112 के जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कुएं में कूदे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
12 नवंबर की रात्रि करीब 10 बजे ग्राम सूरजपुर खास से राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुएं में गिर गया है और तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक शिवकुमार मौरे और पायलट रविंद्र सिंह यादव ने पाया कि पारिवारिक विवाद के चलते अवसादग्रस्त होकर 35 वर्षीय व्यक्ति ने कुएं में छलांग लगा दी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कार्य शुरू किया और व्यक्ति को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद डायल-112 जवान व्यक्ति को एफआरवी वाहन से शासकीय अस्पताल बल्देवगढ़ ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया। जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया और मानवीय संवेदनशीलता से व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |