Since: 23-09-2009
भोपाल। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को नशेड़ी कहे जाने वाले बयान के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर और जिला किसान कांग्रेस भोपाल शहर ने भोपाल सांसद आलोक शर्मा के निवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने रीवा सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनसे तत्काल इस्तीफे और देश के किसानों से सार्वजनिक माफी की मांग की। साथ ही भोपाल सांसद आलोक शर्मा को भोपाल लोकसभा क्षेत्र और प्रदेश के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में न्यूनतम समर्थन मूल्य, खाद वितरण, सिंचाई के लिए बिजली, फसलों का उचित दाम और बढ़ती कृषि लागत जैसे मुद्दे उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भोपाल सांसद इन समस्याओं को प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के समक्ष रखें तथा लोकसभा में किसानों की आवाज बुलंद कर भाजपा सरकार में किसानों के साथ हो रहे भेदभाव को दूर कराने के लिए प्रभावी पहल करें।
जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस भोपाल शहर के अध्यक्ष राघवेंद्र मीणा, मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अवनीश भार्गव, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ग्रामीण के अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, विष्णु विश्वकर्मा, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन राजोरिया सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |