Since: 23-09-2009

  Latest News :
अब भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है : राजनाथ सिंह.   चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री मोदी और राहुल के बयान पर जारी किया नोटिस.   भारतीय वायुसेना का टोही विमान जैसलमेर में क्रैश.   दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा- प्रधानमंत्री के खिलाफ साजिश करना राजद्रोह.   अमीर को गरीब नहीं बल्कि गरीब को अमीर बनाना जरूरी है : सुप्रिया श्रीनेत.   कभी नहीं कहा संपत्ति बांटेंगे हम देश में जातीय जनगणना कराएंगे : राहुल गांधी.   कांग्रेस का आरोप प्रधानमंत्री मोदी असत्य कथन कर देश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं.   मुरैना में बोले मोदी- कांग्रेस विकास विरोधी है.   महुआ बीन रही महिला पर भालू ने किया हमला.   मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित.   महू से रेस्क्यू कर लाए जा रहे घायल तेंदुए ने रास्ते में तोड़ा दम.   कांग्रेस ओबीसी वर्ग की सबसे बड़ी दुश्मन: मोदी.   प्रदेश महामंत्री राघवेंद्र सिंह कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित.   सीबीआई को पूरे राज्य में कार्रवाई करने का अधिकार अधिसूचना जारी.   यात्री बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में 12 यात्री घायल.   नक्सल गश्त पर निकले जवान के बंदूक से दुर्घटनावश चली गोली.   जगदलपुर में धमाके की आवाज के साथ भूकंप के हल्के झटके .   बिस्कुट से भरी वाहन में लगी आग.  
समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और उत्‍तरप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन
समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और उत्‍तरप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन

 

 विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया

 

समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज सवेरे निधन हो गया है। वे 82 वर्ष के थे। मुलायम सिंह यादव काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने हरियाणा के गुरूग्राम में एक निजी अस्‍पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें 22 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और पहली अक्तूबर की रात को आईसीयू में स्थानांतरित किया गया था।मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश में उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्‍कार कल किया जाएगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अंतिम संस्‍कार में शामिल होंगे। मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से सांसद थे और सात बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। वे देश के रक्षामंत्री भी रहे।  उनके दो पुत्र हैं। उनका बेटा अखिलेश यादव इस समय समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष है। 1939 में उत्तर प्रदेश के सैफई गांव में जन्मे मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 1996 से 1998 के बीच रक्षा मंत्री भी रहे।  डॉक्टर राम मनोहर लोहिया, मधु लिमये और अन्य  समाजवादी नेताओं से प्रेरणा लेकर मुलायम सिंह यादव राजनीति में आए और क्षेत्रीय राजनीति में एक प्रमुख चेहरा बन गए। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच वे 'नेताजी' के नाम से जाने जाते थे। उनके समर्थक उन्हें 'धरतीपुत्र' भी कहते थे। पहले वे पहलवानी भी करते थे। मुलायम सिंह करहल के एक महाविद्यालय में व्याख्याता रहे। वे पहली बार 1967 में उत्तर प्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए और 10 बार विधायक बने।

1992 में  मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की और एक साल बाद बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर अपनी पार्टी को सत्ता दिलाई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। द्रौपदी मुर्मु ने इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव साधारण पृष्ठभूमि से थे लेकिन उन्होंने अपनी असाधारण उपलब्धियों के कारण सभी राजनीतिक दलों का सम्मान हासिल किया।  उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है और उनके परिजनों तथा प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्‍होंने एक ट्वीट में कहा  कि शानदार व्‍यक्तित्‍व के नेता मुलायम सिंह जी ने अपना जीवन लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कृषि पृष्ठभूमि से आने वाले श्री यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में बहुत बड़ा योगदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है।पीएम मोदी ने उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि मुलायम सिंह यादवजी विनम्र और जमीन से जुड़े नेता थे। वे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। प्रधानमंत्री ने कहा है कि यादव ने पूरी लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जय प्रकाश नारायण तथा डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के आदर्शों को आगे बढाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने मजबूत भारत के लिए काम किया और राष्ट्रीय हित को हमेशा सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि मुलायम यादव जब मुख्यमंत्री थे तो उनकी उनसे कई बार बातचीत हुई थी। पीएम मोदी ने कहा कि मुलायम के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे और वे हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहते थे। गृहमंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायमसिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। एक ट्वीट में अमित शाह ने कहा कि यादव अपने राजनीतिक कौशल के कारण दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। उन्‍होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की बहाली के लिए आवाज उठाने वाले मुलायम सिंह यादव को हमेशा जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति में एक युग का अंत है। राजनाथ सिंह और डॉक्टर जितेंद्र सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव से टेलीफोन पर बात कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। योगी ने उत्‍तरप्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्‍कार राजकीय सम्‍मान के साथ किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। ठाकुर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। उन्‍होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के कार्य करने की शैली सबको प्रेरणा देगी। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को बचाने के लिए उनके द्वारा किये गये कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि  मुलायम सिंह यादव ने दशकों तक भारतीय राजनीति का स्‍तम्‍भ बनकर देश और समाज की सेवा की है। जेपी  नड्डा ने कहा कि यादव एक जमीनी नेता और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के मूल्‍यों के पेरोकार के रूप में याद किये जाएंगे।

 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह ने मुलायम  यादव को सम्‍मानीय नेता बताया। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने दिग्‍गज नेता के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि देश के रक्षामंत्री और उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री के रूप में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने उन्‍हें हाशिये पर और पिछडे वर्ग का चैंपियन बताया। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने उनके निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया। नेशनल कान्‍फ्रेंस नेता फारूख अब्‍दुल्‍ला ने कहा कि वे गरीबों के नेता थे और उन्‍होंने अपना जीवन गरीबों के कल्‍याण के लिए समर्पित कर दिया। राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव ने कहा कि समाजवादी आंदोलन को आगे बढाने में मुलायम सिंह का महत्‍वपूर्ण योगदान है।

MadhyaBharat 10 October 2022

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.