Since: 23-09-2009
सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नये मुख्यमंत्री
गुजरात में भूपेंद्र पटेल राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कल दूसरी बार शपथ लेंगे। कल गांधीनगर में वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह, अर्जुन मुंडा और बी.एस. येदुयुरप्पा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक हुई जिसमें पटेल को मुख्यमंत्री चुना गया। भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से हुई जीत के दो दिन बाद पटेल ने राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
गांधीनगर के हेलीपेड मैदान में आयोजित एक समारोह में वे गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सभी भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे
हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और नदौण से चार बार के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्यमंत्री होंगे। शिमला में कल हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस निर्णय की घोषणा की। शपथग्रहण समारोह आज 12 बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कल राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |