Since: 23-09-2009

  Latest News :
सीएम योगी बोले- जीरो टॉलरेंस, अपराधियों में अब कोई अपना-पराया नहीं.   संसद सत्र- NDA संसदीय दल की बैठक.   ‘घोटाले की फाइल मेरे पास थी, 10 दिन में मौत’, संजय राउत के बयान से महाराष्ट्र की सियासत गरम.   बीएमसी चुनाव में मनसे की करारी हार, राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं को दिया सख्त संदेश.   लोकसभा में हंगामा: राहुल गांधी के ‘चीनी टैंक’ दावे पर सदन बार-बार स्थगित.   एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर सस्पेंस बरकरार, शरद पवार मुंबई रवाना.   90 लाख रुपये की चोरी का खुलासा, सोना-चांदी कचरे में छुपाया गया.   सिंहस्थ के लिए मेला स्पेशल ट्रेन, इंदौर को मिलेंगी वंदे भारत एक्सप्रेस.   ब्राह्मणों पर पूर्व अपर मुख्य सचिव का बयान, सोशल मीडिया से सियासत तक हलचल.   एमपी बजट 2026 की तैयारी तेज, फिजूलखर्ची पर लगेगा सख्त ब्रेक.   रेल बजट 2026: मध्यप्रदेश को 15,185 करोड़ की सौगात, सिंहस्थ के लिए विशेष पैकेज.   उज्जैन में बनेगा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, 300 एकड़ से ज्यादा जमीन होगी अधिग्रहित.   सरकारी-निजी अस्पतालों को भुगतान न मिलने से कैशलेस सुविधा बंद होने की आशंका.   नए रेल प्रोजेक्ट्स से आदिवासी अंचल और उद्योगों को मिलेगा बड़ा लाभ.   धान उठाव में सुस्ती सरकार पर सवाल.   कोरबा में आधी रात दुकान में भीषण आग: मून बिरयानी सेंटर जलकर खाक, बड़ा हादसा टला.   रायगढ़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: केलो विहार के किराये के मकान पर छापा, दो आरोपी गिरफ्तार.   कोरबा में सीएम विष्णु देव साय का दौरा: अटल स्मृति भवन का भूमि पूजन, युवा कांग्रेस का विरोध.  
भाजपा ने मणिपुर को बंद और आतंकवाद से कराया मुक्त: अमित शाह
imphal,BJP , Manipur closed and free, terrorism, Amit Shah

 

इंफाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार ने मणिपुर को बंद, हड़ताल और आतंकवाद से मुक्त कराया है। नतीजतन, मणिपुर में अब शांति कायम है। राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वह राज्य में 1,311 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद विष्णुपुर जिले के मैरांग में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और मणिपुर में एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार चरमपंथियों की गतिविधियों का मुकाबला करने में सक्षम रही है। इसे देखते हुए राज्य के छह जिलों से सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 (अफ्सपा) को वापस ले लिया गया है। अमित शाह ने राज्य में चरमपंथी गतिविधियों को लेकर कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मणिपुर में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान आतंकियों ने विकराल रूप धारण कर लिया था लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद मणिपुर आतंकवाद से मुक्त हो गया।

 

शाह ने कहा कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने आठ साल से भी कम समय में पूर्वोत्तर में 3.45 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दौरान 51 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से सवालिया लहजे में पूछा कि क्या किसी और प्रधानमंत्री ने इतनी बार इस क्षेत्र का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में एन बीरेन सिंह सरकार मादक पदार्थों की तस्करी और नशीली दवाओं के उपयोग के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगले चुनाव में मणिपुर में फिर से सरकार बनाएगी।

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने जनसभा से पहले इंफाल पूर्वी जिला में इबुधु मार्जिंग पहाड़ की चोटी पर नवनिर्मित 120 फीट ऊंचे पोलो टैटू का अनावरण किया। इसे पूर्वोत्तर क्षेत्र का सबसे ऊंचा स्मारक कहा जाता है। मणिपुर के 19 ओलंपियनों के सम्मान में उनकी मूर्तियों को पार्क में स्थापित किया गया है। यह विशाल प्रतिमा पोलो के घर मणिपुर को लोकप्रिय बनाएगी और साथ ही पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने आज चुराचांदपुर जिले का भी दौरा किया और वहां चुराचांदपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। यह मणिपुर के पहाड़ी जिले में बना पहला मेडिकल कॉलेज है। वह ऐतिहासिक मोइरंग गए और नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा स्थापित आईएनए मुख्यालय परिसर में 165 फीट लंबा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इतना ही नहीं, अमित शाह ने आज जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) परिसर में 18 बिस्तरों वाली एक निजी इकाई का उद्घाटन किया।

 

इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री ने 40 पुलिस चौकियों के निर्माण की आधारशिला रखी। इनमें से 34 भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर और छह राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर बनाई जाएंगी। उन्होंने जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें फल संरक्षण फैक्टरी नीलकुथी, मोर सिटी पेयजल आपूर्ति परियोजना, कंगला के पूर्वी हिस्से में नोंगपोक थोंग ब्रिज, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी, मरजिंग मूर्ति कॉम्प्लेक्स, कांगखुई गुफा में गुफा पर्यटन परियोजना विकास, उखरुल में एलएम ब्लॉक मॉडल आवासीय विद्यालय, रेंगपांगे 100 बिस्तर वाले आवासीय विद्यालय, चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्रीय संस्थानों में बाल चिकित्सा कॉर्डियो-थोरेसिक ऑपरेशन थिएटर आदि शामिल हैं।

 

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार की रात करीब 7.00 बजे त्रिपुरा से इंफाल बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भारतीय वायु सेना के विमान से पहुंचे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और उनके कैबिनेट सहयोगियों, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी और कई भाजपा पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इंफाल पहुंचने पर अमित शाह ने सिटी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किए गए आज के उद्घाटन और विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास समारोहों में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और उनके कैबिनेट सहयोगी, पार्टी विधायक, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी और कई भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद थे।

MadhyaBharat 6 January 2023

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.